
गुरुपूर्णिमा महोत्सव से पहले शहर की सड़कों की सूरत बदलेगी, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने PWD एवं निगम अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

खंडवा। श्री दादाजी गुरुपूर्णिमा महोत्सव के पावन पर्व पर देश-प्रदेश से खंडवा आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन एवं शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने आज निवास कार्यालय पर लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं नगर निगम के तकनीकी अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में महापौर ने शहर के प्रमुख मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुरुपूर्णिमा महोत्सव से पूर्व सभी आवश्यक रिपेयरिंग एवं मरम्मत कार्य हर हाल में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर कहीं भी गड्ढे, क्षतिग्रस्त सड़क अथवा जर्जर मार्ग दिखाई नहीं देना चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य प्रारंभ करवाएं तथा कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराएं। महापौर ने कहा कि गुरुपूर्णिमा महोत्सव खंडवा की आस्था, श्रद्धा और गौरव का पर्व है, ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बैठक में PWD विभाग के अंतर्गत आने वाले निम्न प्रमुख मार्गों एवं स्थलों पर आवश्यक रिपेयरिंग, मरम्मत एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए—
1. शेर चौराहे से जलेबी चौक होते हुए पंधाना रोड, नगर निगम सीमा तक।
2. बस स्टैंड से कहारवाड़ी चौराहा, भगत सिंह चौराहा होते हुए मानसिंह मिल चौराहा तक।
3. तीन पुलिया से चिड़िया मैदान होते हुए आनंद नगर मेन रोड, पॉलिटेक्निक कॉलेज तक।
4. इंदिरा चौक से जसवाड़ी रोड (अमरावती रोड) तक।
5. अवस्थी चौराहे से भंडारिया गांव तक।
6. तीन पुलिया से इमलीपुरा होते हुए शिवाजी चौक तक।
7. गिदवानी मार्केट से इंदौर रोड, आशाधाम तक।
8. मोघट थाना रोड, मालवीय धर्मशाला से हवाई पट्टी तक।
9. धर्म कांटा से इंदौर नाका तक।
10. जिला चिकित्सालय से इंदौर नाका रोड तक आवश्यक रिपेयरिंग एवं मरम्मत कार्य।
11. महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर कलवर्ट की रिपेयरिंग एवं आवश्यक सुधार कार्य।
12. तीन पुलिया के पास सड़क की आवश्यक रिपेयरिंग एवं मरम्मत कार्य।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गुरुपूर्णिमा महोत्सव की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य समय पर पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए, ताकि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालु खंडवा से एक बेहतर अनुभव लेकर जाएं।
महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा गुरुपूर्णिमा महोत्सव को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। शहर की सड़कें, मार्ग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर PWD विभाग के श्री शिवशंकर अरझरे, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री श्री राधेश्याम उपाध्याय, श्री भरत सुरजाए, श्री मनीष झीले, श्री सर्वेश मिश्रा, श्री आदर्श शर्मा, श्री राकेश कलम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










