
ओंकारेश्वर की अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस का हमला, मासूम की मौत पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ठहराया जिम्मेदार
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह बोले— प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही ने ली मासूम की जान, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
खंडवा। ओंकारेश्वर में व्याप्त भारी अव्यवस्थाओं एवं खुले सेफ्टी टैंक में डूबने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत के मामले को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने प्रेसवार्ता कर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की घोर लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के कारण एक मासूम की जान चली गई, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की है।
उत्तमपाल सिंह ने कहा कि ओंकारेश्वर जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अतिक्रमण के नाम पर धर्मशाला को तोड़ी गई थी , और उसका सेफ्टी टैंक खुला ही छोड़ दिया था, जिसमें गिरने से मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, प्रशासन की लापरवाही है जिससे आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की जान लगातार जोखिम में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने सुरक्षा के आवश्यक कदम उठाए होते तो आज यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। आए दिन यहां डूबने से लोगों की मौत की खबर आती रहती है, हमारे द्वारा प्रशासन को कई बार ज्ञापन देकर जागरूक करने की कोशिश करी, पर लापरवाही के चलते हादसों पर नियंत्रण नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मासूम बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, लेकिन प्रशासन संवेदनशीलता दिखाने के बजाय अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है। कांग्रेस इस घटना की कड़ी निंदा करती है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और न्याय दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर उग्र जनआंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पवन पाटीदार, जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चंदन सिंह पवार सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।










