
प्राचीन विट्ठल मंदिर में देव शयनी ग्यारस के दिन दिन भर श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर चल रहे अखंड भजनो की प्रस्तुतियों का ले रहे हैं आनंद।
खंडवा। शहर के लगभग 200 वर्ष प्राचीन श्री विट्ठल मंदिर मे प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी 146 वें वर्ष में नाम सप्ताह उत्सव का आयोजन बड़े धार्मिक उत्साह के साथ चल रहा है। अषाढी देव शयनी एकादशी के महत्व के कारण शनिवार को मंदिर में प्रातः6 बजे से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ रही
हजारों भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शहर के हृदय स्थल घंटाघर के समीप प्राचीन श्री विट्ठल मंदिर में नाम सप्ताह के दौरान 7 दिनों तक 24 घंटे अखंड भजनों की प्रस्तुति अलग-अलग मंडलों द्वारा दी जा रही है। भजनों के दौरान भक्ति के साथ मातृशक्ति नृत्य भी कर रही हैं। शनिवार को दिन भर मंदिर विट्ठल विट्ठल नाम स्मरण से गूंज रहा था। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि सभी भजन मंडल नियत समय से आकर अपने भजनों की प्रस्तुति देकर उत्सव को सफल बना रहे है।
प्रति दिन दोपहर 1 से 3 शहर के अलग अलग महिला मंडल आकर उत्सव को सफल बना रही है। शनिवार को दोपहर में महिला मंडल की भक्ति में पूरा मंदिर श्रद्धालुओं से भरा रहा। उत्सव में भजन कीर्तन गायन के साथ साथ श्रोता भक्त भाव विभोर होकर नृत्य का रहे है , कभी मंडल में बालक बालिका कृष्ण रुक्मणि वेशभूषा में तैयार होकर नाचते दिखते है तो कभी किसी मंडल में फुगड़ी खेलते दिखाई पड़ता है।
शहर के कई अलग अलग हिन्दू समाज के लोग आकर उत्सव को बहुत आनंद पूर्वक मना रहे है। उत्सव में प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के राम श्याम आष्टेकर परिवार के द्वारा भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया जाकर विशेष आरती की जा रही है।










