
शनिवार रात्रि प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में किया बड़ा फेरबदल।
छतरपुर में एसपी रहे अगम जैन को खंडवा पुलिस अधीक्षक की कमान सौंपी गई।
खंडवा। पुलिस महकमे में हुए बड़े फेरबदल के बाद खंडवा को नया कप्तान मिल गया है। 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अगम जैन अब जिले की कानून व्यवस्था की कमान संभालेंगे। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि प्रदेश शासन ने शनिवार रात्रि में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया, लगभग 50 पुलिस अधिकारी स्थानांतरित हुए। खंडवा जिले में मनोज राय जी के प्रमोशन के पश्चात खंडवा जिले की कमान छतरपुर में एसपी रहे अगम जैन को प्राप्त हुई है। सुनील जैन ने बताया कि उनके आने से पुलिसिंग में सख्ती और नए तेवर देखने को मिल सकते हैं।
‘एक्शन मोड’ वाले अफसर की एंट्री
अगम जैन इससे पहले छतरपुर में एसपी के रूप में पदस्थ थे, जहां उन्होंने सख्त और परिणाम देने वाली कार्यशैली से अपनी अलग पहचान बनाई। अब खंडवा में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
राय को प्रमोशन, भोपाल में नई जिम्मेदारी
वहीं, खंडवा के मौजूदा एसपी मनोज कुमार राय को पदोन्नति के बाद डीआईजी बनाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। उनके कार्यकाल को जिले में बेहतर कानून व्यवस्था और अपराधों पर नियंत्रण के लिए याद किया जाएगा।
जिले में क्या बदल सकता है?
अफसरों के इस बदलाव को सिर्फ ट्रांसफर नहीं, बल्कि पुलिसिंग के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए एसपी जिले में किस तरह की रणनीति अपनाते हैं और कानून व्यवस्था को किस दिशा में ले जाते हैं।









