खंडवा के नीरज पटेल का अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप के लिए चयन, वियतनाम में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व।
कुश्ती के क्षेत्र में खंडवा को मिली बड़ी उपलब्धि।
खंडवा। जिले के बोरगांव खुर्द निवासी युवा पहलवान नीरज पिता विट्ठल पटेल का चयन अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप के लिए हो गया है। यह ट्रायल प्रतियोगिता लखनऊ में आयोजित की गई थी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नीरज ने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई। अब वे वियतनाम में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। समाज सेवीव व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कुश्तियां के खान कहे जाने वाले छोटे से गांव ग्राम बोरगांव में कुश्ती की समृद्ध परंपरा रही है। यहां मध्यप्रदेश केसरी स्वर्गीय हुकुमचंद यादव के सहयोग से स्वर्गीय रघुनाथ पांजरे के मार्गदर्शन में अखाड़े की स्थापना की गई थी। रघुनाथ पांजरे ने गांव की मिट्टी से प्रतिभाशाली पहलवान तैयार करने का बीड़ा उठाया और लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए।
हुकुमचंद यादव के निधन के बाद भी रघुनाथ पांजरे ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया। इस दौरान मंगल यादव पहलवान ने उनका सहयोग करते हुए कुश्ती को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में हीरालाल यादव, मंगल यादव, राजेंद्र पांजरे, विजू पहलवान, ऋषि पहलवान, रूपा पहलवान और जगदीश पटेल पहलवान इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। सुनील जैन ने बताया कि बिना शासकीय कोच के खंडवा के कुश्ती खिलाड़ी अपने कुश्ती गुरुओं के प्रशिक्षण के माध्यम से अपने हुनर का परिचय देते हुए जिला प्रदेश ऐसी नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खंडवा का नाम रोशन कर रहे हैं। एक तरह से देखा जाए तो कुश्ती के के क्षेत्र में खंडवा जिला देश का हब बन चुका है।
उल्लेखनीय है कि अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप 23 से 31 मई 2026 तक वियतनाम में आयोजित होगी। नीरज की इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष मंगल यादव, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन तनवे, महापौर अमृता अमर यादव, प्रवक्ता सुनील जैन, कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, डीआईजी मनोज राय, कुश्ती संघ के सचिव राजेंद्र पांजरे, रितेश गोयल,ऋषि सोनकर, जगदीश पटेल, आसिफ खान, रोहित पटेल सहित कई जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









