ताज़ा ख़बरें

*अवैध गतिविधियों पर नगर निगम की सख्त कार्यवाही जारी*

खास खबर

*अवैध गतिविधियों पर नगर निगम की सख्त कार्यवाही जारी*
इमलीपुरा स्थित अवैध कारखाने पर तोड़फोड़ कार्रवाई, दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर निगम ने अपनाई नियमानुसार प्रक्रिया

महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने

इमलीपुरा स्थित अनवर कुरैशी द्वारा संचालित अवैध कारखाने पर नगर निगम द्वारा की जा रही तोड़फोड़ कार्रवाई के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की। महापौर ने जानकारी दी कि संबंधित संचालक को उक्त स्थल के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नगर निगम द्वारा तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, किन्तु दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की।

महापौर ने बताया कि यह कार्रवाई संभावित रूप से कल तक जारी रहेगी तथा भविष्य में भी नगर निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

*दो अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई, बिना नवीनीकरण वाले प्रतिष्ठानों पर होगी सीलिंग*
वर्तमान प्रकरण में नगर निगम द्वारा लापरवाही बरतने वाले दो अधिकारियों को निलंबित किया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नगर क्षेत्र में जिन प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ है, उनके विरुद्ध सील बंद करने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की जाए।

*अवैध गतिविधियों के विरुद्ध शासन की मंशा स्पष्ट*
महापौर ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन एवं माननीय मुख्यमंत्री जी भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के प्रति सख्त रुख रखते हैं, और नगर निगम प्रशासन शासन की मंशानुसार शहर में विधिसम्मत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

*वर्तमान स्लॉटर हाउस बंद, शहर से बाहर व्यवस्थित संचालन हेतु बनेगी नई कार्ययोजना*
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वर्तमान में संचालित एकमात्र स्लॉटर हाउस, जिसमें 28 चबूतरे संचालित थे, को फिलहाल बंद करवा दिया गया है। महापौर ने बताया कि आगामी बैठक में विस्तृत योजना तैयार की जाएगी, जिसके अंतर्गत स्लॉटर हाउस को शहर से बाहर व्यवस्थित एवं नियोजित ढंग से संचालित करने की दिशा में निर्णय लिया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

*पत्रकारों के माध्यम से नागरिकों से अपील*
प्रेस वार्ता के अंत में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने उपस्थित पत्रकार बंधुओं के माध्यम से शहरवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल नगर निगम को सूचित करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।

*प्रेस वार्ता में उपस्थित गणमान्यजन*
इस अवसर पर MIC सदस्य श्री विक्की भांनवरे, निगम प्रवक्ता श्री सुनील जैन, उपायुक्त श्री एस.आर. सिटोले एवं सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री गौरव खरे उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!