
खंडवा में बढ़ते महिला अपराधों पर कांग्रेस महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ का ज्ञापन, एसपी से कड़ी कार्रवाई की मांग की
खंडवा/
जिले में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मनोज राय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छेड़छाड़, दुष्कर्म एवं अन्य अत्याचारों के मामलों में लगातार वृद्धि पर गहरी चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि महिला उत्पीडन निवारण प्रकोष्ठ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि समय पर और कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं, जिससे महिलाओं में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। महिला कांग्रेस ने ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की, ताकि समाज में कानून का डर कायम हो सके।
कांग्रेस के महिला उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सुधा खान ने पुलिस प्रशासन से महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर हेमलता पालीवाल महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष हेमलता पालीवाल,महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रचना तिवारी, पंधाना विधानसभा प्रत्याशी रूपाली बारे, मीनू मंडलोई, रूपा कास्डे, नूरजहां बी सहित महिला कांग्रेस की अन्य सदस्य उपस्थित थी।











