
मंगलवार को 364 किशोरियों ने लगवाए एचपीवी के टीके
—
खण्डवा//महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान इन दिनों जारी है। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को एचपीवी के टीके लगाये जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि मंगलवार को जिले में कुल 364 किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। उन्होंने बताया कि जिलें में अभी तक 14053 किशोरियों को टीके लगाये जा चुके हैं। ये टीके जिला चिकित्सालय खण्डवा, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, संजीवनी क्लिनिक पर लगाए जा रहे हैं। डॉ. जुगतावत ने सभी पालकों से अपील की है कि अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए उन्हें एचपीवी का टीका जरुर लगवायें।













