
खंडवा की स्वप्निल जैन और रुचि पाटिल ने भोपाल में 13 दिवसीय प्रशिक्षण में लिया हिस्सा।
खंडवा। बाल कल्याण समिति खंडवा के सदस्य स्वप्निल जैन एवं रुचि पाटिल ने भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित 13 दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण में सहभागिता की। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि यह प्रशिक्षण बाल कल्याण समितियों के नवनियुक्त अध्यक्षों एवं सदस्यों के लिए आयोजित किया गया था।
प्रशिक्षण का आयोजन सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेश के 19 जिलों से 36 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण 1 से 13 जून 2026 तक आवासीय स्वरूप में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015, बाल अधिकारों की सुरक्षा, बाल कल्याण समिति की भूमिका एवं प्रक्रियाओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को बाल देखरेख संस्थाओं, विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी, राजकीय बाल संरक्षण गृह, मातृशक्ति बालिका गृह, एसओएस तथा ओपन शेल्टर होम का अध्ययन भ्रमण भी कराया गया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि पूरे प्रशिक्षण का संचालन डॉ. नवीदा खातून, डिप्टी डायरेक्टर, सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान, नई दिल्ली के नेतृत्व में किया गया। अंतिम दिवस प्रतिभागियों से प्रशिक्षण, आवास, भोजन एवं प्रबंधन संबंधी ऑनलाइन और ऑफलाइन फीडबैक लिया गया। इसके पश्चात प्रशिक्षण संचालक एच.के. सिंह एवं सह संचालक मुजीबुर्रहमान खान के हस्ताक्षरयुक्त प्रशस्ति पत्र प्रतिभागियों को प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत एक स्वायत्त संस्था है, जो महिला एवं बाल विकास क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान, परामर्श और प्रलेखन कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रही है।











