ताज़ा ख़बरें

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना लोकतंत्र पर प्रहार: विभा पटेल

खास खबर

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना लोकतंत्र पर प्रहार: विभा पटेल
खंडवा/
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में रविवार को गांधी भवन में आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आघात बताया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि भोपाल की पूर्व महापौर, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खंडवा जिला प्रभारी विभा पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक उम्मीदवार के साथ अन्याय नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और निष्पक्ष चुनाव की अवधारणा पर सीधा प्रहार है।
विभा पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि जिन आधारों पर नामांकन निरस्त किया गया है, वे गंभीर कानूनी और संवैधानिक प्रश्न खड़े करते हैं। उन्होंने बताया कि जिस निजी परिवाद का उल्लेख किया गया है, उसमें मीनाक्षी नटराजन को अभियुक्त नहीं बल्कि प्रतिवादी के रूप में दर्शाया गया है। प्रतिवादी और अभियुक्त की कानूनी स्थिति अलग-अलग होती है, ऐसे में दोनों को समान मानकर की गई कार्रवाई न्यायसंगत नहीं कही जा सकती।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 33 ए और फॉर्म-26 का उद्देश्य केवल उन मामलों की जानकारी प्राप्त करना है, जिनमें उम्मीदवार के विरुद्ध विधिवत आपराधिक कार्यवाही चल रही हो। कांग्रेस का मत है कि नामांकन निरस्त करने के लिए जिन तथ्यों का उपयोग किया गया, वे इन प्रावधानों की भावना और कानूनी व्याख्या से मेल नहीं खाते।
कांग्रेस ने आशंका जताई कि यदि भविष्य में उम्मीदवारों के नामांकन ऐसे विवादित और तकनीकी आधारों पर निरस्त किए जाने लगे, तो इससे चुनावी प्रक्रिया में अनिश्चितता और मनमानी की स्थिति उत्पन्न होगी। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र की आत्मा निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धी चुनावों में निहित है तथा सभी दलों और उम्मीदवारों को समान अवसर मिलना चाहिए।
विभा पटेल ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जैसी स्वच्छ छवि, वैचारिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के लिए समर्पित नेता को चुनावी मैदान से बाहर किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संविधान की भावना, निष्पक्ष चुनाव की अवधारणा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी संविधान, लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी। इस अवसर पर विभा पटेल के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर प्रतिभा रघुवंशी, प्रभारी आदित्य गार्गव, विशाल जैन, इमरान गौरी,विकास व्यास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!