
थाना प्रभारी किल्लौद निरीक्षक विजय वर्मा ने श्री राम कथा में किया रक्तदान, पेश की मानवता की मिसाल
खंडवा, 06 अप्रैल 2026
खंडवा जिले के किल्लौद ब्लॉक अंतर्गत चैतन्य नगर पाटाखाली स्थित श्री हरिहर चैतन्य सेवा धाम आश्रम में चल रही श्री राम कथा के दौरान एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। किल्लौद थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वर्मा जी ने कथा स्थल पर जिला अस्पताल द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। उनके इस सराहनीय कार्य से उपस्थित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में उत्साह का वातावरण बन गया। थाना प्रभारी द्वारा किया गया रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। रक्तदान शिविर के अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील भी की।
आयोजन समिति एवं स्थानीय नागरिकों ने श्री वर्मा जी के इस कदम की भूरि -भूरि प्रशंसा की। श्री राम कथा जैसे धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकार को जोड़ते हुए यह पहल समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश दे रही है। थाना प्रभारी किल्लोद से प्रेरित होकर कुल 17 युवाओं ने रक्त दान के पुनीत कार्य में भाग लिया।यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा, बल्कि युवाओं को भी रक्तदान जैसे महादान के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।












