
अमृत काल में ‘पाषाण युग’ की ओर वापसी : बिजली बिल वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का सांकेतिक प्रदर्शन
लालटेन लगाकर की सांकेतिक संगठनात्मक बैठक
बिजली उपभोक्ताओं को 1 अप्रैल से लगेगा ‘करंट’ नई दरें तय
खंडवा। मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को गांधी भवन में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में लालटेन लेकर बैठक आयोजित की और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आम जनता पहले ही महंगाई से परेशान है, ऐसे में बिजली दरों में वृद्धि ने लोगों की कमर तोड़ दी है। विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने लालटेन जलाकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश “अमृत काल” से निकलकर “पाषाण युग” की ओर बढ़ रहा है, जहां लोगों को फिर से पुराने साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह ने कहा कि यदि जल्द ही बिजली बिलों में बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन तेज करेगी। साथ ही आम जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं को उठाने का संकल्प भी लिया गया।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर सरकार की नीतियों का विरोध किया और जनता के हित में संघर्ष जारी रखने की बात कही एवं आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि हमें अब ऐसा लगता है कि हम अमृत काल से पाषाण युग की ओर वापसी कर रहे हैं। मोदी जी ने आम जनता को हर बार किसी न किसी लाइन में खड़ा कर दिया है—पहले नोटबंदी में नोट बदलवाने की लाइन, फिर गैस सिलेंडर की लाइन, पेट्रोल-डीजल की लाइन और अब बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर लोगों को लालटेन लेने की स्थिति में ला दिया गया है।उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का सबसे ज्यादा असर ट्रांसपोर्टेशन पर पड़ता है, जिससे हर जरूरी वस्तु महंगी हो जाती है। इसका सीधा असर आम जनता, खासकर महिलाओं के किचन बजट पर पड़ रहा है। आज महंगाई इस कदर बढ़ चुकी है कि आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और अव्यवस्थित निर्णयों का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। बिजली, पानी, गैस और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन नेकहा कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया और आम जनता को राहत नहीं दी, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी और जनता की आवाज को बुलंद करेगी।
इस सांकेतिक लालटेन बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्षद्वय उत्तमपाल पाल सिंह , प्रतिभा रघुवंशी, नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ,जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन,पार्षद मनोज मंडलोई,ब्लाक अध्यक्ष विशाल जैन, वकील नीलकंठ ,हन्नान सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।






