

छपारा से भीमगढ़ मार्ग स्थित बंजारी घाटी के नीचे रविवार शाम लगभग 8 बजे एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार ज्योति दास (50 वर्ष) पिता जोसफ दास पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात दोपहिया वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना जोरदार था कि महिला सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। दुर्घटना में उनका दाहिना पैर टूट गया तथा सिर पर भी गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला की मदद करते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही छपारा 108 एंबुलेंस के कर्मचारी प्रतुल श्रीवास्तव और राजा डहरिया तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्राथमिक उपचार देते हुए घायल महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा पहुंचाया।
वहीं चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।









