ताज़ा ख़बरें

रंग पंचमी पर रंग-गुलाल से सराबोर हुआ खंडवा, भव्य श्री दादाजी फाग यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

खास खबर

रंग पंचमी पर रंग-गुलाल से सराबोर हुआ खंडवा, भव्य श्री दादाजी फाग यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

नगर निगम तिराहे से पार्वती बाई धर्मशाला तक तीन घंटे चली यात्रा • तोप मशीन और टैंकर से फूल-गुलाल की बौछार • विधायक, महापौर सहित हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

खंडवा// रंग पंचमी के पावन अवसर पर सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में निकली भव्य श्री दादाजी फाग यात्रा ने पूरे खंडवा शहर को रंग, भक्ति और उल्लास के माहौल में रंग दिया। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और भजनों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा में हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रंग खेलते हुए सहभागिता की।
रंगों के पर्व रंग पंचमी पर रविवार को सर्व हिंदू समाज एवं हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य श्री दादाजी फाग यात्रा निकाली गई। नगर निगम तिराहे से प्रारंभ होकर टाउन हॉल, घंटाघर, मुंबई बाजार और केवलराम पेट्रोल पंप मार्ग से होते हुए पार्वती बाई धर्मशाला तक पहुंची इस यात्रा में पूरे मार्ग पर रंग, गुलाल और फूलों की वर्षा होती रही।
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि करीब तीन घंटे चली इस भव्य यात्रा में बैंड-बाजे, ढोल-ढमाके और डीजे की धुनों पर युवा रंगों में सराबोर होकर झूमते रहे। आयोजन समिति द्वारा विशेष तोप मशीन और टैंकर के माध्यम से पूरे मार्ग में फूल, रंग और गुलाल की बौछार की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह होली के रंगों से सराबोर हो गया।
यात्रा का मुख्य आकर्षण संजीव-राधा कृष्ण की आकर्षक झांकी रही। वहीं प्रसिद्ध भजन गायक आनंदीलाल भावेल ने निमाड़ी, आदिवासी और होली के पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन पर युवाओं ने उत्साह के साथ नृत्य किया।
सुनील जैन ने बताया कि फाग यात्रा में खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव, पंधाना विधायक छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े, पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, पूर्व जिला अध्यक्ष सेवादास पटेल धर्मेंद्र बजाज राजेश तिवारी अरुण सिंह मुन्ना हरीश कोटवाले सुनील जैन, भूपेंद्र सिंह चौहान, गोपी शर्मा प्रियांशु चौरे नवनीत अग्रवाल, भारत पटेल, मंगलेश तोमर, आशीष चटकेले सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। फाग यात्रा को सफल बनाने में इंजीनियर अखिलेश गुप्ता, मदन भाऊ ठाकरे, ईश्वर डिंडोरै, मोहन काशिव, रामचंद्र मौर्य, गिरीश बजाज, जीवन डिंडोरै, विंटी राजपाल सहित फाग उत्सव समिति के पदाधिकारियों और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिक, युवा और मातृशक्ति की भागीदारी से पूरा शहर रंग और उत्साह के माहौल में डूबा नजर आया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!