

झाबुआ नगर के केशव इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़े उत्साह और प्रेरणादायक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रख्यात वैज्ञानिक C. V. Raman के जीवन पर आधारित एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री विद्यार्थियों को दिखाई गई, जिससे बच्चों को उनके जीवन, शोध एवं विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।
विशेष आकर्षण के रूप में कक्षा 1ली के छात्र विवान त्रिवेदी ने सी. वी. रमन की वेशभूषा धारण कर उनका सजीव रोल प्ले प्रस्तुत किया तथा उनके जीवन परिचय पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा-वार विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने ज्ञान और तर्कशक्ति का प्रदर्शन किया। विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षक श्री मोहित देवड़ा द्वारा रोचक विज्ञान प्रयोग गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वयं प्रयोग कर विज्ञान के सिद्धांतों को समझा।
कक्षा 5वी के विद्यार्थियों ने शिक्षिका एकता सोनी एवं राजेश्वरी बुंदेला के मार्गदर्शन में “वास्तविक जीवन में विज्ञान के लाभ एवं हानि” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
साथ ही कलाकार आशीष पांडेय द्वारा विज्ञान थीम पर आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय पर सुंदर एवं ज्ञानवर्धक चार्ट भी प्रदर्शित किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना विकसित करना था। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से विज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को अनुसंधान और नवाचार की दिशा में प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सुचारू संचालन शिक्षिका अर्चना राठौर ने किया।








