
जनसुनवाई में कलेक्टर श्री गुप्ता ने आवेदकों की समस्याओं का निराकरण किया
—
खण्डवा//जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत #कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले, डिप्टी कलेक्टर श्री दिनेश सावले सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। जनसुनवाई में छैगांवमाखन विकासखण्ड के ग्राम शिवपुरी निवासी राधेश्याम पाटिल ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वह दिव्यांग होने के कारण चलने फिरने में परेशानी होती है, अतः बैसाखी दिलाई जाए। जिस पर उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर जनसुनवाई में ही बैसाखी मंगाई और आवेदक को उपलब्ध कराई। जनसुनवाई से बैसाखी लेकर राधेश्याम खुशी खुशी अपने घर गया।
जनसुनवाई में रमेश गुर्जर निवासी ओंकारेश्वर ने बताया कि उसकी दुकान नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण बताकर तुड़वा दी गई, जबकि पास की ही अन्य दुकानों को नहीं तोड़ा गया। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने एसडीएम पुनासा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में तहसील हरसूद के ग्राम भवरली माल सोंडिया खेड़ा निवासी ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उनके गांव में सड़क क्षतिग्रस्त होने से उन्हें आने जाने में काफी समस्या हो रही है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने एनएचडीसी के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अम्बेडकर वार्ड के निवासियों ने साईं एवेन्यू कॉलोनी के कॉलोनाइजर द्वारा परम्परागत रास्ते को बाउंड्रीवाल बनाकर बंद करने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने नगर निगम आयुक्त को मौका देखकर नागरिकों की समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जनजातीय बालक आश्रम रोशनी में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर छात्रावास आश्रम की अव्यवस्थाएं सुधारने का अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने एसडीएम हरसूद को मामले की जांच कराकर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।









