
सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया मड़ई घाटी के खतरनाक मोड़ पर दो तेज रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भयानक था कि एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लखनादौन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कटर मशीन की मदद से ट्रक के केबिन को काटकर घायल चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को गंभीर अवस्था में छपारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि घाटी और मोड़ों पर विशेष सावधानी बरतें और नियंत्रित गति से वाहन चलाएं।













