

सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनई चौराहे पर मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। हादसे में स्कूटी सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे 108 एम्बुलेंस, डायल 112 और स्थानीय लोगों की तत्परता से अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडला जिले के चाबी मोहगांव निवासी 25 वर्षीय आशु झरिया अपनी स्कूटी से लखनादौन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घुनई चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को कट मार दिया। अचानक सामने आए वाहन के कारण आशु अपनी स्कूटी पर नियंत्रण नहीं रख पाए और सड़क पर गिर गए।
हादसे में युवक के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह घायल होकर सड़क पर ही पड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और घायल युवक को सुरक्षित एम्बुलेंस तक पहुंचाने में मदद की।
इसके बाद घायल को शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल युवक की स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा वाहन की पहचान और चालक की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।











