
जनसुनवाई में कलेक्टर श्री गुप्ता ने दिव्यांग अजय व श्याम को दिलाई व्हील चेयर
—
खण्डवा//जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता प्रत्येक मंगलवार को नागरिकों की समस्याएं सुनकर सम्बंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका निराकरण करवाते हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में रनगांव निवासी दिव्यांग श्याम सिंह पिता राजेंद्र सिंह ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वह 80 प्रतिशत विकलांग है, उसे मासिक पेंशन नहीं मिल रही है और व्हीलचेयर की भी आवश्यकता है। जिस पर उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को आज ही व्हीलचेयर दिलाने तथा पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कुछ ही देर में श्याम सिंह को व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई। उप संचालक सामाजिक न्याय ने बताया कि आवेदक की पेंशन भी स्वीकृत कर दी गई है, इस माह से श्याम सिंह के खाते में पेंशन जमा होने लगेगी।
इसके अलावा खण्डवा विकासखण्ड के ग्राम अमोदा निवासी अजय की मां ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि उनका बेटा मानसिक एवं शारीरिक दिव्यांग है, उसे सी पी चेयर की आवश्यकता है, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीपी चेयर की व्यवस्था आज ही कराकर जनसुनवाई में ही देने के निर्देश दिए। कुछ ही देर में अजय को व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई। जनसुनवाई में मदद मिलने के बाद अजय और श्यामसिंह खुशी खुशी अपने घर के लिए रवाना हुए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले, डिप्टी कलेक्टर श्री दिनेश सावले, सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग सिंह बहादुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
जनसुनवाई में मछली विक्रेता महासंघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि मछली मार्केट पिछले 22 वर्षों से पुराने बस स्टैण्ड के पास संचालित था, जिसे पिछले दिनों नगर निगम द्वारा हटा दिया गया है, जिससे व्यवसाय में 60 से अधिक परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। जिस पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को मछली विक्रेताओं की समस्या का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में गिरजा बाई पति स्व. त्रिलोकचंद्र ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसके पति पंचायत सचिव थे। उनके आकस्मिक निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति न मिलने से घर की आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई है, जिस पर उन्होंने जिला पंचायत के सीईओ को आवेदिका की पात्रता का परीक्षण कर उसे अनुकंपा नियुक्ति दिलाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में राजेश मीणा ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसके पिताजी के नाम से शस्त्र लाइसेंस था। पिताजी के निधन के बाद शस्त्र लाइसेंस का फौती नामांतरण अभी तक नहीं हुआ है, जिस पर उन्होंने शाखा प्रभारी शस्त्र लाइसेंस को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बांगरदा निवासी ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उनके गांव में पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण कराया जा रहा है लेकिन नाली निर्माण नहीं कराया जा रहा है, जिससे गांव में निस्तार के पानी की निकासी की समस्या आएगी, जिस पर उन्होंने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को समय सीमा में ग्रामीणों की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में छैगांवमाखन ब्लॉक के टेमीकला निवासी पन्नालाल व देवराम पंवार ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उनके गांव में खेत की ओर जाने के लिए रास्ता नहीं है, जिससे काफी परेशानी होती है, जिस पर उन्होंने जिला पंचायत के सीईओ को खेत सड़क बनाने हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।







