
भगवा ध्वज का पूजन, हनुमान चालीसा का पाठ और संतों का आशीर्वाद लेकर निकली ‘जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा।

ओंकारेश्वर से हजारों कांवड़िए खंडवा के लिए रवाना, 1 से 501 लीटर तक की कांवड़ों ने खींचा आकर्षण।
खंडवा/ओंकारेश्वर। शनिवार सुबह ओंकारेश्वर में मां नर्मदा के पावन तट पर श्रद्धा और भक्ति का अलग ही नजारा देखने को मिला। ‘जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा’ में शामिल हजारों कांवड़िए भगवा वस्त्र धारण कर नर्मदा के विभिन्न घाटों पर पहुंचे। विधिवत पूजन-अर्चन और संतों का आशीर्वाद लेने के बाद कांवड़िए नर्मदा जल लेकर खंडवा की ओर रवाना हुए।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी महादेवगढ़ मंदिर संरक्षक अशोक पालीवाल के मार्गदर्शन में जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर से पूजा अर्चना एवं संतों के आशीर्वाद के पश्चात रवाना हुई, यात्रा की शुरुआत ओंकारेश्वर के गणेश नगर बस स्टैंड से हुई। यहां सबसे पहले महादेवगढ़ मंदिर के पुजारी पंडित अश्विन खेड़े ने कांवड़ियों के साथ सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ कराया। इसके बाद भगवा ध्वज का पूजन और संत-ब्राह्मण पूजन किया गया।
संतों ने कांवड़ियों को दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में षट्दर्शन मंडल ओंकारेश्वर से श्री मंगलदास जी महाराज, महंत श्री रामदास जी महाराज और महामंडलेश्वर स्वामी श्री श्याम चेतनपुरी जी महाराज मौजूद रहे। संतों ने कांवड़ियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वचन प्रदान किए।
इसके बाद यात्रा में शामिल कांवड़ों का विधिवत पूजन किया गया। इस वर्ष यात्रा में 1 लीटर से लेकर 11, 21, 51, 101, 151 और 501 लीटर तक नर्मदा जल की कांवड़ शामिल हैं। आकर्षक रूप से सजाई गई कांवड़ें यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
‘युवा आगे आएं और मां भारती को परम वैभव तक पहुंचाने का लें संकल्प’
महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल ने कांवड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की दिशा में युवाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के साथ ही मां भारती को परम वैभव तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कांवड़ियों से आग्रह किया कि नर्मदा जल भगवान महादेव को अर्पित करने के बाद महादेवगढ़ में चल रहे श्री हनुमत शक्ति जागरण महाअनुष्ठान में हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से अपनी आहुति दें।
छोटे बच्चों से बुजुर्ग तक यात्रा में शामिल
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कांवड़ यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा के सबसे आगे संदीप धोपे भगवा ध्वज लेकर चल रहे हैं। यात्रा में शामिल कांवड़ियों में उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल नजर आया।
कांवड़ यात्रा के पूजन कार्यक्रम में संयोजक चाहत सिंह तोमर, संकेत जोशी, कुश पालीवाल, विशाल पासी, मनीष पालीवाल, अजय पटेल, शुभम पटेल, अजय राजपूत, महिपाल सिंह, गोलू सिसोदिया, आनंद पटेल और जितेंद्र गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
दौड़वा में हुआ रात्रि विश्राम
‘जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा’ ओंकारेश्वर से प्रारंभ होकर शनिवार को ग्राम दौड़वा पहुंची जहां कांवड़ियों का रात्रि विश्राम हुआ। आज रविवार सुबह यात्रा खंडवा के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु मां नर्मदा का जल लेकर भगवान महादेव का जलाभिषेक करेंगे।













