
*जोन क्रमांक 2 में स्वच्छता जागरूकता एवं पॉलीथिन नियंत्रण अभियान*
खंडवा। नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा, मंगलवार को जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13, सरदार भगत सिंह वार्ड के जमराला मोहल्ला, भगत सिंह चौराहा क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता अभियान संचालित किया गया। यह अभियान निगम की IEC टीम एवं वार्ड जमादार श्री जाहिद खान एवं श्री अजय चौहान द्वारा डोर-टू-डोर वाहन के साथ घर-घर जाकर चलाया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र के रहवासियों को गीला एवं सूखा कचरा पृथक-पृथक देने की समझाइश दी गई तथा स्वच्छता एप के माध्यम से कचरा, गंदगी एवं अन्य स्वच्छता से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने और उनका समय-सीमा में निराकरण किए जाने की जानकारी दी गई। नागरिकों से नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने एवं स्वच्छता नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया।
इसी दिन जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर नियंत्रण हेतु कार्रवाई भी की गई। कार्रवाई के दौरान 5 किलोग्राम पॉलीथिन जप्त की गई तथा नियमों के उल्लंघन पर कुल 2500 रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया। नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल शहर के निर्माण हेतु इस प्रकार की कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।











