
*जल अभियान के अंतर्गत वार्ड 1 से 10 में डोर-टू-डोर निरीक्षण एवं जल गुणवत्ता परीक्षण*
खण्डवा//नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा “जल अभियान” के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 से 10 तक वार्ड स्तर पर गठित दलों द्वारा डोर-टू-डोर अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ घर-घर जाकर नागरिकों से जल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं पर संवाद किया गया तथा आवश्यक फील्ड निरीक्षण किया गया।
इस अभियान में नोडल अधिकारी, अभियंता, संबंधित वार्ड के पार्षद, स्व-सहायता समूह से अमृत मित्र एवं अन्य निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। दलों द्वारा नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं और मौके पर ही समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
*रविंद्र नगर (वार्ड क्रमांक 3) में महापौर एवं आयुक्त की उपस्थिति में जल गुणवत्ता परीक्षण*
वार्ड क्रमांक 3, रविंद्र नगर क्षेत्र में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव एवं आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत द्वारा स्वयं घर-घर जाकर जल गुणवत्ता परीक्षण करवाया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री संतोष सारवान, MIC सदस्य श्री राजेश यादव प्रभारी कार्यपालन यंत्री श्रीमती वर्षा घिड़ोड़े , सहायक जनसंपर्क अधिकारी गौरव खरे, उपयंत्री श्री प्रशांत पंचोरे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
*फील्ड पर जल के चार प्रमुख परीक्षण किए गए—*
• pH: अनुशंसित सीमा 6.5 से 8.5
• टर्बिडिटी (Turbidity): आदर्श सीमा ≤ 1 NTU (स्वीकार्य अधिकतम 5 NTU)
• अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Free Chlorine): 0.2 से 0.5 mg/L
• TDS: आदर्श सीमा ≤ 500 mg/L (स्वीकार्य अधिकतम 2000 mg/L)
सभी परीक्षणों में जल की गुणवत्ता अनुशंसित सीमा के भीतर पाई गई, जिससे उपभोक्ताओं को अवगत कराया गया और यह स्पष्ट हुआ कि जल पेय योग्य है।
*जल संरक्षण एवं अपव्यय पर त्वरित कार्रवाई*
निरीक्षण के दौरान कुछ घरों में पानी का अपव्यय पाया गया। जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि संबंधित परिसरों में ताला लगाकर बाहर गए हुए हैं। इस पर आयुक्त द्वारा ऐसे नल कनेक्शनों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए, जिनका पालन करते हुए मौके पर ही कार्रवाई की गई।
*अगले चरण की सूचना*
नगर निगम द्वारा सूचित किया गया कि कल वार्ड क्रमांक 11 से 20 तक जल अभियान संचालित किया जाएगा।











