
कांग्रेस ने की प्रेसवार्ता
डकैती, बेरोजगारी और ज़हरीला पानी—खंडवा में कांग्रेस का भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला
पुनासा की करोड़ों की डकैती, मनरेगा में बदलाव, किल्लोद में फ्लोराइड संकट और ओंकारेश्वर में गंदी नर्मदा को बताया शासन की विफलता
प्रदेश में अपराध बेलगाम,रोजगर के अधिकार ,लोगों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़,पुनासा की डकैती निंदनीय “उत्तमपाल सिंह”
बजट कटौती कर भाजपा मनरेगा की हत्या कर योजना को समाप्त करना चाहती है “प्रतिभा रघुवंशी”
खंडवा/
शनिवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने गांधी भवन में प्रेसवार्ता आयोजित कर मनरेगा का नाम बदलने, किल्लोद में फ्लोराइड से लोगो को होने वाली समस्या,पुनासा में सराफा व्यापारी के साथ हुई डकैती,शहर की ख़स्ताहाल सड़क, पानी की समस्या सहित अनेक विषयों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष।(शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने संयुक्त प्रेसवार्ता आयोजित कर समस्यायें उठाई और सरकार को खूब खरी खोटी सुनाई।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में एक ओर अपराध बेलगाम हो चुके हैं, तो दूसरी ओर गरीबों के रोजगार के अधिकार और लोगों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है।
पुनासा की डकैती ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है।

कांग्रेस ने पुनासा के सोलंकी मार्केट में सराफा व्यापारी के साथ दिनदहाड़े हुई करोड़ों की डकैती का हवाला देते हुए कहा कि बाजार के बीचों-बीच सराफा व्यापारी पर जानलेवा हमला, हवाई फायरिंग और बदमाशों का आराम से फरार हो जाना यह साबित करता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं है।उत्तमपाल सिंह पुरनी ने कहा कि यह घटना राज्य शासन की खुली नाकामी है और “सुशासन” के दावों की सच्चाई उजागर करती है। व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उत्तमपाल सिंह ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लेकर किसी तरह चल रही है, लेकिन इसके बावजूद न तो पुलिस व्यवस्था मजबूत हो पा रही है और न ही अपराध पर नियंत्रण हो रहा है।किल्लोद ब्लॉक में ज़हरीला पानी, ग्रामीणों की सेहत खतरे में है किल्लोद ब्लॉक के 7 से अधिक गांवों में फ्लोराइड युक्त पानी की गंभीर समस्या को भी उठाया। उन्होंने बताया कि जल स्रोतों से निकल रहे ज़हरीले पानी के कारण ग्रामीणों के दांत खराब हो रहे हैं और जॉइंट पेन व हड्डी रोगों के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं।ग्रामीण पिछले 7–8 महीनों से शिकायतें कर रहे हैं और कलेक्टर को भी कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन प्रशासन ने केवल कुछ हैंडपंपों पर लाल पट्टे का निशान लगा कर औपचारिकता निभा दी। न तो दूषित जल स्रोत बंद किए गए और न ही स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
ओंकारेश्वर में गंदी नर्मदा, श्रद्धालुओं की आस्था आहत
कांग्रेस ने तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में गंदगी मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। नेताओं का आरोप है कि शहर के दो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बंद पड़े हैं, जिसके चलते कई स्थानों पर गंदा पानी सीधे नर्मदा में मिल रहा है।
गौ मुख घाट, जहाँ से नर्मदा परिक्रमा के लिए श्रद्धालु पवित्र जल ग्रहण करते हैं, वहीं गंदगी मिलने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि भाजपा मनरेगा की हत्या करना चाहती है। मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए जीवनरेखा है लेकिन भाजपा सरकार लगातार बजट कटौती इस योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश कर रही है।
प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर मनरेगा का नाम परिवर्तन कर कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि समय पर मजदूरी न मिलना, काम के अवसर कम होना और राज्यों पर अनावश्यक दबाव डालना स्पष्ट रूप से मनरेगा को निष्क्रिय करने की दिशा में कदम हैं।भाजपा की सरकार को मनरेगा के लिए पर्याप्त बजट आवंटन करने व मजदूरों को समय पर पूरा भुगतान तथा योजना के दायरे को और बड़ा करने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा के साथ हो रहे अन्याय को तुरंत नहीं रोका गया, तो इसके खिलाफ लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ,प्रतिभा रघुवंशी,पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन,धर्मेन्द्र राठौर,इमरान गौरी,विशाल जैन,नमेश बारे,अय्यूब लाला सहित कांग्रेस जैन मौजूद थे।इस अवसर फ्लोराइड के पानी से परेशान किल्लोद ब्लॉक के गिरवर सिंह,जितेंद्र देवड़ा एवं माखन सिसोदिया भी उपस्थित थे।



