
खंडवा में बीपीसीएल ने लॉन्च किया ‘भारतगैस लाइट ज़िप’, 4 घंटे में एक्सप्रेस डिलीवरी।
खंडवा विधायक ने इस सेवा का विधिवत शुभारंभ कर डिलीवरी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
खंडवा। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने शुक्रवार को खंडवा शहर में अपनी प्रीमियम एलपीजी सेवा ‘भारतगैस लाइट ज़िप’ लॉन्च की। यह सेवा इंस्टेंट नया कनेक्शन और ऑर्डर के 4 घंटे के भीतर एक्सप्रेस डिलीवरी की सुविधा के साथ ग्राहकों को तेज और सुविधाजनक एलपीजी अनुभव देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि भारत गैस लाइट जीप सेवा का विधिवत शुभारंभ खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने किया इस अवसर पर उन्होंने डिलीवरी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया एवं उपस्थित जनों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में विधायक कंचन मुकेश तनवे का स्वागत गैस एजेंसी के सुनील सकरगाए एवं मंगलेश तोमर व अन्य साथियों द्वारा किया गया।
‘भारतगैस लाइट ज़िप’ भारतगैस लाइट के हल्के कम्पोजिट सिलेंडर की खूबियों को आधुनिक और ग्राहक-केंद्रित सेवा मॉडल से जोड़ता है। इसके तहत ग्राहकों को सरल प्रक्रिया के जरिए तत्काल नया कनेक्शन और तेज डिलीवरी की सुविधा मिलेगी।
हल्का, सुरक्षित और सुविधाजनक सिलेंडर
सुनील जैन ने बताया कि भारतगैस लाइट कम्पोजिट सिलेंडर हल्का होने के कारण इसे आसानी से उठाया और ले जाया जा सकता है। इसकी कम्पोजिट बॉडी जंग-रोधी है। पारदर्शी बॉडी के कारण सिलेंडर में बची गैस का स्तर भी आसानी से देखा जा सकता है। इसके अलावा बेहतर सुरक्षा और आधुनिक डिजाइन इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं।
यह सेवा खासतौर पर कामकाजी पेशेवरों, विद्यार्थियों और अस्थायी रूप से रहने वाली आबादी को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो तेज डिलीवरी और सुविधाजनक सेवा को प्राथमिकता देते हैं।
100 शहरों तक पहुंची सेवा
‘भारतगैस लाइट ज़िप’ की शुरुआत 31 जुलाई 2026 को देश के 32 शहरों में की गई थी। अब 14 अगस्त को खंडवा सहित 60 अन्य शहरों में इसका विस्तार किया गया है। इसके साथ ही यह सेवा देश के कुल 100 शहरों में उपलब्ध हो गई है। बीपीसीएल के अनुसार, आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से इसे देश के अन्य प्रमुख शहरों तक भी पहुंचाया जाएगा।













