
एस एन कॉलेज में विधायक कंचन तनवे ने फहराया तिरंगा, एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धि पर थपथपाई पीठ।

श्री नीलकंठेश्वर महाविद्यालय में गरिमापूर्ण माहौल में मना स्वतंत्रता दिवस, विद्यार्थियों को मिठाई बांटकर किया उत्साहवर्धन।
खंडवा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह की मुख्य अतिथि विधायक कंचन मुकेश तनवे ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद महाविद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया और राष्ट्रगान हुआ।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समारोह में एनसीसी के दोनों दलो और रेडक्रॉस दल ने अनुशासित सहभागिता की। विधायक तनवे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। अनुशासन, सेवा, परिश्रम और राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
एनसीसी की उपलब्धि ने बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव
जिला स्तरीय सीनियर डिवीजन परेड प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्रा एनसीसी विंग ने प्रथम और छात्र एनसीसी इकाई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विधायक तनवे ने इस उपलब्धि पर एनसीसी कैडेट्स और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन के साथ एनसीसी कैप्टन डॉ. एस.एस. डावर एवं छात्रा एनसीसी इकाई की प्रभारी प्रो. शर्मिला मीणा की भूमिका की भी सराहना की गई।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
विधायक तनवे ने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण इतिहास का स्मरण करते हुए महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस सहित सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज की पीढ़ी का दायित्व है कि वह अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को भी समझे।
कार्यक्रम के बाद विधायक कंचन तनवे ने विद्यार्थियों को अपने हाथों से मिठाई वितरित की और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, रेडक्रॉस दल और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें।












