
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस



खंडवा। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कल्याणगंज, खंडवा में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री तपन डोंगरे ने अपने आतिथ्य उद्बोधन में कहा कि आज हमारा देश विकासशील है और आने वाले समय में विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रार्थना जीवन को सही दिशा देने का कार्य करती है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारों को भी आत्मसात करना चाहिए, क्योंकि शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से जीवन में बहुत कुछ हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहिनों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता, भाषण, गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की वेशभूषा में प्रस्तुतियां देकर भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित किया और उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
विद्यालय समिति के व्यवस्थापक श्री रविन्द्र जी बंसल ने विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। वहीं खंडवा विभाग समन्वयक श्री मुकेश जी पाटिल ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने तथा जल एवं बिजली के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की बात कही।
इस अवसर पर विद्यालय समिति के व्यवस्थापक श्री रविन्द्र जी बंसल, खंडवा विभाग समन्वयक श्री मुकेश जी पाटिल, संस्था प्राचार्य श्रीमती शोभा तोमर दीदी, प्रधानाचार्य श्री दिलीप जी सपकाले, श्री राधेश्याम जी चौहान सहित विद्यालय के भैया-बहिन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।












