
*नगर पालिक निगम खंडवा का सघन वसूली अभियान, कड़ी कार्रवाई के साथ ₹15.49 लाख की वसूली*
खण्डवा//नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा मंगलवार को शहर में सघन वसूली अभियान चलाया गया। यह अभियान नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित किया गया। अभियान के दौरान बकाया कर एवं शुल्क की वसूली को लेकर सख्ती बरती गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत बकायादारों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाते हुए कुल 9 नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए। इसके साथ ही बकाया भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में एक भवन एवं दो दुकानों को सील करने की कार्रवाई भी की गई। इस सघन वसूली अभियान के माध्यम से नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा कुल ₹15,49,000 (पंद्रह लाख उनचास हजार रुपये) की वसूली की गई, जो निगम के राजस्व सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस कार्रवाई में उपायुक्त महोदय श्री एस आर सिटोले के साथ राजस्व अधिकारी श्री प्रकाश राजपूत एवं राजस्व विभाग से श्री हरीश दुबे, श्री अभिषेक तिवारी, श्री कन्हैया यादव, श्री विजय पाराशर एवं श्री सुभाष त्रिपाठी उपस्थित रहे तथा टीम द्वारा समन्वय के साथ अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी बकाया वसूली को लेकर इसी प्रकार नियमित और सख्त अभियान जारी रहेंगे।







