
*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 के तहत सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान*

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 के अंतर्गत नगर में स्वच्छता मानकों के सुदृढ़ अनुपालन हेतु निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में झोन प्रभारी श्री मनीष पंजाबी एवं उनकी स्वच्छता टीम द्वारा नई अनाज मंडी मार्ग तथा मेन रोड क्षेत्र में कचरा फेंकने की शिकायत पर स्थल निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कचरे में प्राप्त रसीदों के आधार पर यह पुष्टि हुई कि कचरा शारदा मेडिकल स्टोर द्वारा फेंका गया था। मामले का संज्ञान लेते हुए नियमानुसार रुपये पाँच हजार का चालान करते हुए जुर्माना वसूल किया गया। यह कार्रवाई नगर में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर शून्य सहनशीलता की नीति को दर्शाती है।
इसी अभियान के अंतर्गत गांधी नगर क्षेत्र में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा नागरिकों को गीला एवं सूखा कचरा पृथक-पृथक कर डोर-टू-डोर वाहनों में देने की विधि समझाई गई। साथ ही नए बस स्टैंड स्थित अटल आश्रय स्थल पर कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर स्वच्छता के साथ संसाधन पुनर्चक्रण का संदेश दिया गया। नालों की सफाई कर क्षेत्र में स्वच्छता एवं जलनिकासी व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया।
निगम प्रशासन की ओर से आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत एवं उपायुक्त श्री सचिन सिटोले ने शहर की आम जनता से अपील की कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करते हुए नगर निगम के प्रयासों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि खंडवा को स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के रूप में सशक्त बनाया जा सके।






