ताज़ा ख़बरें

बाल कल्याण समिति खंडवा की समझाइश ने बचाया भविष्य

एक क्लिक, एक डर और घर से दूरी… काउंसलिंग से परिवार से मिला नाबालिग

बाल कल्याण समिति खंडवा की समझाइश ने बचाया भविष्य
एक क्लिक, एक डर और घर से दूरी… काउंसलिंग से परिवार से मिला नाबालिग

खंडवा। मोबाइल गेमिंग और डिजिटल पेमेंट की अनजानी दुनिया में हुई एक छोटी-सी गलती एक 16 वर्षीय नाबालिग को घर से दूर ले गई। मोबाइल में ऑटो-पे के जरिए लोन की राशि कटने और माता-पिता के डर से वह घर से भागकर मुंबई के लिए निकल पड़ा, लेकिन बाल कल्याण समिति खंडवा की समय पर की गई संवेदनशील काउंसलिंग से उसका भविष्य सुरक्षित हो सका।

बिहार के दरभंगा जिले का यह बालक 13 तारीख की सुबह से लापता था। परिजनों ने घनश्यामपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पवन एक्सप्रेस से मुंबई जा रहे बालक को जीआरपी पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन में सुरक्षित पकड़ा और बाल कल्याण समिति, खंडवा के समक्ष प्रस्तुत किया।

बालक के पिता बैंगलोर में एक इंजीनियर के यहां खाना बनाने का कार्य करते हैं, जबकि माता दरभंगा में गृहिणी हैं। बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा द्वारा की गई मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग में सामने आया कि मोबाइल गेम खेलने के दौरान ऑटो-पे के माध्यम से उसके खाते से लोन की राशि कट गई थी। इसी डर और परिजनों की प्रतिक्रिया की आशंका में वह घर से निकल पड़ा।

संवाद से बदली सोच
काउंसलिंग के दौरान प्रवीण शर्मा ने बालक को स्नेह और विश्वास के साथ समझाया कि किसी भी समस्या का समाधान भागने में नहीं, बल्कि परिवार से खुलकर बात करने में है। शिक्षा, पारिवारिक मूल्यों और सुरक्षित भविष्य पर भी चर्चा की गई। इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पिता हुए भावुक
बालक के सुरक्षित मिलने पर पिता भावुक हो उठे और उन्होंने बाल कल्याण समिति खंडवा, अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, समिति के सदस्यों तथा जीआरपी पुलिस का हृदय से आभार जताया।

इस अवसर पर बाल कल्याण समिति खंडवा के सदस्य मोहन मालवीय, रुचि पाटिल, कविता पटेल और स्वप्निल जैन के साथ ही बाल संरक्षण अधिकारी टीका सिंह बिल्लौरे एवं पुष्पेंद्र सिंह मंडलोई ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

यह मामला समाज के लिए संदेश है कि बच्चों की गलतियों पर सख्ती नहीं, बल्कि संवाद और समझ जरूरी है—और समय पर की गई बाल कल्याण समिति खंडवा की पहल एक बच्चे का भविष्य संवार सकती है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!