
गीता जयंती पर श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक सस्वर पाठ किया गया
—
खण्डवा//
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को 3 दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ उज्जैन के दशहरा मैदान से किया। खण्डवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम श्री रायचंद नागड़ा उत्कृष्ट विद्यालय खण्डवा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे ने सभी को गीता जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र के युद्ध स्थल में भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेश को समझने और आत्मसात करने के लिए प्रदेश में गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी जिलों में गीता भवन निर्मित कराने का निर्णय लिया है। ये गीता भवन भविष्य में हमारी संस्कृति के बड़े केन्द्र बनेंगे।
महापौर श्रीमती अमृता यादव ने इस अवसर पर कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने हमें हमेशा अन्याय के विरूद्ध लड़ना सिखाया है। श्रीमद्भगवद्गीता ने हमें जीवन के कठिन समय में भी हमें अपने कर्त्तव्य को निरंतर करते रहना सिखाती है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ हम सभी को नियमित रूप से करना चाहिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी एस सोलंकी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में श्रीमद्भगवत गीता के 15 वे अध्याय का सामूहिक स-स्वर पाठ किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री सोलंकी ने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों में लगभग 5 हजार विद्यार्थियों और 350 शिक्षकों ने गीता का सस्वर पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन संदीप जोशी ने किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन श्री कौशल मेहरा ने किया।








