
‘‘आपकी पूंजी आपका अधिकार‘‘ अभियान सम्बंधी जिला स्तरीय शिविर संपन्न
—
खण्डवा//जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष के अंतर्गत आपकी पूंजी
आपका अधिकार संयुक्त जनजागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को उनकी जमा पूंजी, बीमा, शेयर, डिविडेंड और म्यूचुअल फंड जैसी अनक्लेम्ड राशियों के प्रति जागरूक करने एवं उन्हें वापस दिलाने के लिए बैंक ऑफ इंडिया ने खंडवा जिले में कार्यरत सभी प्रमुख बैंको के समन्वय से ‘‘आपकी पूंजी आपका अधिकार‘‘ अभियान के अंतर्गत शिविर का आयोजन जनपद पंचायत खण्डवा सभागृह के परिसर में किया। लीड बैंक जिला प्रबंधक श्री गणेश तईकर ने बताया कि यह शिविर बैंकों में लंबित अप्राप्त और बिना दावा की गई जमा राशियों के त्वरित निपटान के लिए आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में नागरिकों को उनकी जमा राशियों, बीमा दावों, शेयर एवं म्यूचुअल फंड की राशियों के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
लीड बैंक जिला प्रबंधक श्री गणेश तईकर ने बताया कि जनजागरूकता अभियान के तहत इस तरह के शिविरों का आयोजन 31 दिसम्बर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की, कि वे अपने या अपने परिवार के अन्य सदस्यों के उन खातों का संचालन शुरू कर सकते हैं, जिन्हें पिछले दस वर्षों से अधिक समय से संचालित नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि आरबीआई के ‘‘उद्गम‘‘ पोर्टल के माध्यम से भी ग्राहक अप्राप्त जमाओं के बारे मे जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के उप आंचलिक प्रबन्धक श्री राजीव कुमार, नाबार्ड डीडीएम जितेंद्र खैरनार, डीजीएम आरबीआई श्री जसविंदर सिंह औजला और एजीएम आरबीआई श्री संजय शेजकर, सभी बैंकों के शाखा प्रमुख एवं जनरल इन्श्युरेंस एवं लाइफ इन्श्युरेंस के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी अपने अपने ग्राहकों के साथ उपस्थित थे।









