
खालवा में बनेगा लगभग 15 करोड़ रुपए लागत का महाविद्यालय भवन
—
मंत्री डॉ.विजय शाह ने खालवा, गुलाईमाल और बूटीढाना में विकास कार्यों का किया शुभारंभ
—
खण्डवा//प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ.कुंवर विजय शाह ने सोमवार को जिले के खालवा, बूटीढ़ाना और गुलाईमाल ग्रामों का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। उन्होंने खालवा में 14.97 करोड़ रुपए लागत के शासकीय महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। उन्होंने भ्रमण के दौरान ग्राम बूटीढाना से बूटी पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का तथा ढिमारिया से गुलाईमाल पहुंच मार्ग का भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. शाह ने खालवा कॉलेज के लिए 100 सीटर छात्रावास भवन स्वीकृत करवा कर उसका निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू कराने के लिए भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधरी है और महिलाएं आत्मनिर्भर हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल ही में लाड़ली बहना योजना के तहत दी जाने वाली राशि बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह की है।
मंत्री डॉ. शाह ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। पहले गरीबों को इलाज के लिए रकम गिरवी रखकर राशि उधार लेना पड़ती थी। अब सरकार ने 5 लाख रुपए तक के उपचार की निःशुल्क सुविधा गरीब परिवारों को उपलब्ध कराई है। मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कहा कि शासकीय छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अनुत्तीर्ण हो जाने पर अगले वर्ष उन्हें छात्रावास में प्रवेश नहीं मिलता था। सरकार ने ऐसे विद्यार्थियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया है कि अब एक बार फेल हो जाने के बाद भी विद्यार्थी को छात्रावास में प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। सरकार के इस निर्णय से अनुसूचित जाति जनजातीय वर्ग के गरीब विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। खालवा के कार्यक्रम में खालवा की जनपद अध्यक्ष श्रीमती सोनता बाई तथा जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रमिला बाई सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।






