
जिले के चौकी कोटमीकला क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंध के चलते आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को ग्राम सेखवा के एक खेत में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को ग्राम सेखवा मेन रोड स्थित विमलाबाई गोंड के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आसपास के गांवों में पूछताछ और जांच के बाद मृतका की पहचान संतोषी बाई (40), पति स्वर्गीय इतवार सिंह आयाम, निवासी ग्राम बैरा कलेवानार, थाना पसान के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस नान्हू प्रसाद (38), निवासी फूलवारीटोला, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) तक पहुंची।पूछताछ में आरोपी ने अवैध संबंध के चलते संतोषी बाई की गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसने शव को ग्राम सेखवा स्थित खेत में ले जाकर फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सफेद गमछा भी बरामद किया गया। साक्ष्य छिपाने के प्रयास के चलते प्रकरण में धारा 238 बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में चौकी कोटमीकला पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित जांच कर 4 अगस्त 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238 के तहत कार्रवाई की जा रही है।







