
भराड़ी में जल समिति सदस्यों का प्रशिक्षण सम्पन्न
—
खण्डवा//अमृत संचय अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत भराड़ी में जल समिति सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर शिक्षिका श्रीमती नीतू ठाकुर तथा मास्टर ट्रेनर श्री गोकुल प्रसाद खंडेल द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में जल समिति के सदस्यों को वर्षा जल संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रूफटॉप वाटर कलेक्शन, सोकपिट निर्माण, सूखे हैंडपंप एवं ट्यूबवेल को पुनर्जीवित करने, खेत तालाब, मेड़बंदी, निस्तार तालाब निर्माण, नदी–नालों पर बोरीबंधान तथा सरकारी व निजी भवनों की छतों के पानी को जमीन में उतारकर भूमिगत जलस्तर बढ़ाने के प्रभावी तरीके बताए गए। मास्टर ट्रेनर श्रीमती नीतू ठाकुर ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि
“वर्षा जल प्रकृति का सबसे स्वच्छ और सुरक्षित जल है। यदि हम इसे घर, खेत और गांव में रोक लें तो हमें कभी जल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।”
मास्टर ट्रेनर श्री गोकुल प्रसाद खंडेल ने इस दौरान बताया कि छत से गिरने वाले पानी को फिल्टर लगाकर सीधे जमीन में उतारना सबसे सरल तरीका है। उन्होंने बताया कि सोखता गड्ढा, रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग और सूखे हैंडपंपों में वर्षाजल संचयन कर भूजल स्तर को तेजी से बढ़ाया जा सकता है। प्रशिक्षण के बाद सभी सदस्यों को जल संरक्षण संबंधी शपथ दिलाई गई।









