
यातायात पुलिस खंडवा द्वारा वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर स्टिकर चिपकाकर एवं राहवीर योजना के दिशा निर्देश की बुकलेट जारी कर आमजन को जागरूक करने के लिए किया गया नवाचार

खंडवा, 08 नवंबर 2025
खंडवा पुलिस द्वारा बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं यातायात सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक नवाचार अपनाया गया है। पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री राजेश रघुवंशी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेन्द्र तारनेकर के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल राय व थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक देवेंद्र परिहार के द्वारा अपनी टीम के साथ वाहनों पर विशेष रेडियम रिफ्लेक्टर स्टिकर चिपकाने की मुहिम शुरू की गई है। इस यातायात नवाचार का प्रारम्भ पुलिस कंट्रोल रूम के सामने पुलिस अधीक्षक खंडवा द्वारा स्वयं ट्रेक्टर ट्रॉली में रेडियम रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाकर की गई।
यह पहल ड्राइवरों को निरंतर जागरूक रखने का एक सरल लेकिन प्रभावी तरीका है एवं रात्रि मे होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाने का लक्ष्य है। रेडियम स्टिकर चिपकाने का कार्य नि:शुल्क चेकिंग पॉइंट्स पर किया जा रहा है और इसमें यातायात पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। एसपी श्री राय ने कहा कि यह नवाचार यातायात जागरूकता अभियान को नई ऊंचाई देगा और सभी वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों से अपील की गई कि स्वेच्छा से स्टिकर लगवाएं। जिले में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस लगातार ऐसे कदम उठा रही है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा राहवीर योजना के अंतर्गत दिशा निर्देशों के संबंध मे जारी बुकलेट को पुलिस अधीक्षक खंडवा द्वारा आम नागरिकों बीच प्रचार प्रसार के लिए जिले के यातायात पुलिस सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी व थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गये| इस योजना के तहत एक्सीडेंट के पश्चात गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रत्येक राहवीर (गुड सेमेरिटन) के लिए प्रति घटना पुरस्कार राशि 25000/- रुपये रखी गई है| साथ ही एक “सराहना प्रमाण पत्र” प्रदान किया जाएगा|












