
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनी
—
खण्डवा#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। जनसुनवाई में श्रीमती अरविंद कौर निवासी आनंद नगर ने अपनी कृषि भूमि का सीमांकन जरीब से कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधीक्षक भू अभिलेख को एक दल गठित कर भूमि का सीमांकन करवाने के निर्देश दिए। श्रीमती नंदनी राजदेरकर ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वह 2 माह पूर्व शिक्षा विभाग से सेवा निवृत हो चुकी है, लेकिन उसे अभी तक पेंशन या कोई भी अन्य क्लेम्स का भुगतान नहीं मिला है, जिससे काफी परेशानी हो रही है। जिस पर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आवेदक के स्वत्वों का शीघ्र भुगतान करें। खंडवा निवासी प्रशांत गोयल ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि जल संसाधन विभाग में उसका वाहन किराए से लगा था, लेकिन निर्धारित दर से कम दर से भुगतान किया जा रहा है, इस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन को नियमानुसार भुगतान करने के निर्देश दिए।
मूंदी तहसील के ग्राम भगवानपुरा निवासी भारत पिता रंजीत ने अपनी निजी भूमि का नामांतरण ना होने के संबंध में कलेक्टर श्री गुप्ता से शिकायत की, जिस पर उन्होंने पुनासा के एसडीएम को मामले की जांच कर नियम अनुसार नामांतरण करवाने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों ने महेश नगर से नगर निगम कॉलोनी के बीच लगभग 1 किलोमीटर लंबी सड़क अत्यंत खराब स्थिति में होने की शिकायत कलेक्टर श्री गुप्ता से की और सड़क का निर्माण या मरम्मत कराने की मांग की, जिस पर उन्होंने नगर निगम आयुक्त को सड़क मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।









