
दिल्ली में तिरंगे के रंग में रंगा उत्साह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने बाइक रैली में लिया हिस्सा

खंडवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नई दिल्ली में निकाली गई भव्य तिरंगा बाइक रैली में खंडवा-बुरहानपुर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने सहभागिता की। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली रैली में सांसद श्री पाटिल के साथ ही केंद्रीय मंत्री और बैतूल के सांसद दुर्गा प्रसाद उइके, खरगोन के सांसद गजेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में सांसदों एवं लोगों ने भाग लिया।
सांसद पाटिल ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सहभागिता कर अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।











