
अखंड भारत संकल्प दिवस पर निकली भव्य वाहन यात्रा, भारत माता की आरती के साथ हुआ समापन
खंडवा। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल खंडवा द्वारा अखंड भारत संकल्प दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को भव्य वाहन यात्रा का आयोजन किया गया। वाहन यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने सहभागिता करते हुए अखंड भारत के संकल्प को दोहराया।
वाहन यात्रा के पूर्व माता चौक स्थित दशमेश परिसर में बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंचासीन विश्व हिंदू परिषद के माननीय जिलाध्यक्ष श्री माणक जी अग्रवाल, मुख्य वक्ता विभाग सहमंत्री श्री आदित्य जी मेहता एवं बजरंग दल जिला संयोजक श्री रोहित जी चावरे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य वक्ता श्री आदित्य जी मेहता ने अखंड भारत को किस तरह आकांताओ ने खंड-खंड में विभाजित किया गया और पुनः अखंड बनाने के लिए किस तरह से प्रयास कर सकते है पर विषय रखते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक एकता केवल वर्तमान राजनीतिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें हजारों वर्षों की साझा सभ्यता, परंपराओं और सांस्कृतिक संबंधों में निहित हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक राजनीतिक इतिहास में 1947 का भारत विभाजन भारतीय इतिहास की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और पीड़ादायक घटना रही, जिसके परिणामस्वरूप भारत और पाकिस्तान अलग-अलग राष्ट्र बने। अखंड भारत का संकल्प इसी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक एकता की स्मृति को जीवित रखते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का संदेश देता है।
मुख्य वक्ता ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता, सामाजिक समरसता, सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल्यों को अपने जीवन में उतारना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र के प्रति योगदान है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली परंपराओं को समझने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वाहन यात्रा का शुभारंभ माता चौक स्थित दशमेश परिसर से हुआ। इसके पश्चात वाहन यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा इंद्र चौक, रेलवे स्टेशन, तीन पुलिया, बड़ा बम, रामेश्वर चौकी, आनंद नगर, स्कॉलर डेन स्कूल, नवचंडी, एल.ई.जी. कॉलोनी, लाल चौकी, शिवाजी चौक, अंबेडकर जी की प्रतिमा, नगर निगम, घंटाघर, केवलराम, पूर्व फूल गली, कहारवाड़ी, बजरंग चौक, देवनारायण चौक एवं शनि मंदिर होते हुए गौशाला चौराहा पहुंची,
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संस्कृति एवं राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला सहसंयोजक शुभम जी निकुंम ने किया एवं आभार विभागसंयोजक अजय जी मालवीय ने माना।











