
*निगम की त्वरित कार्रवाई – व्यक्ति पर ₹5000 जुर्माना*
खण्डवा//जोन क्रमांक 4 पदमकुंड मार्ग पर दिनांक 18 सितम्बर को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मुख्य मार्ग पर कचरा फेंके जाने की घटना सामने आई। मार्ग से गुजर रहे जोन प्रभारी श्री मनीष पंजाबी ने तत्काल निरीक्षण किया। कचरे की जाँच के दौरान उसमें संबंधित प्रतिष्ठान का बिल प्राप्त हुआ, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह कचरा इंदौर रोड सुपर मार्केट के बाजू में स्थित “जोगी ब्यूटी किंग डम” से फेंका गया था।
नगर निगम की सफाई टीम द्वारा क्षेत्र की तुरंत सफाई कराई गई तथा जिम्मेदार प्रतिष्ठान के विरुद्ध ₹5000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही संबंधित पक्ष को कड़े शब्दों में समझाइश दी गई कि इस प्रकार की पुनरावृत्ति भविष्य में न की जाए।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में निगम द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की त्वरित कार्रवाई की जाती है ताकि शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना बढ़े। नगर निगम खंडवा नागरिकों से अपील करता है कि वे अपने घर, दुकान या प्रतिष्ठान का कचरा निर्धारित स्थान एवं निगम के वाहनों में ही डालें।










