
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने धार से ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान’ एवं देश के पहले पीएम मित्र पार्क का किया शिलान्यास
जिला चिकित्सालय डिंडौरी में मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, जिला स्तरीय कार्यक्रम में हुआ ‘परिवार मोबाइल मेडिकल क्लीनिक’ का शुभारंभ
डिंडौरी : 17 सितंबर, 2025
आज का दिन मध्यप्रदेश के विकास पथ पर ऐतिहासिक साबित हुआ, जब माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने धार ज़िले के ग्राम भैंसोला से राष्ट्रव्यापी ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ किया। इसी अवसर पर उन्होंने देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया, जो प्रदेश की वस्त्र उद्योग को नई पहचान देगा और हज़ारों युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह पार्क किसानों की उपज को उचित मूल्य दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता की दिशा में एक डिजिटल पहल ‘सुमन सखी चैटबॉट’ का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, आदि कर्मयोगी अभियान का आगाज़ तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 10 लाख से अधिक मातृ-शक्ति को लाभान्वित करने का कार्य भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जी ने कहा कि “आज मध्यप्रदेश से बड़ी औद्योगिक शुरुआत हो रही है। ‘पीएम मित्र पार्क’ से भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा। देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास हुआ है, इसके लिए मध्यप्रदेश की जनता को बधाई।”
प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने इस अवसर पर कुमारी आराधना कलमी को एक करोड़वां सिकल सेल स्क्रीनिंग एवं काउंसलिंग कार्ड भेंट कर स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जी अपना जन्मदिवस भी आदिवासी अंचल धार जिले में मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि “आधुनिक भारत के शिल्पकार, विश्व पटल पर भारत के साहस, सामर्थ्य और स्वाभिमान के प्रतीक, यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ऐतिहासिक नगरी धार में हार्दिक वंदन एवं अभिनंदन। मैं प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ देता हूँ और ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दीर्घायु होकर राष्ट्रहित में मार्गदर्शन देते रहें।”
डिंडौरी में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
धार ज़िले से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण आज जिला चिकित्सालय परिसर डिंडौरी में भी किया गया। जिसे कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने देखा और सुना। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, सीएमएचओ श्री मनोज पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसी दौरान करंजिया ब्लॉक के लिए “परिवार मोबाइल मेडिकल क्लीनिक” का फीता काटकर शुभारंभ किया गया, जिसे मुख्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह क्लीनिक ग्रामीण अंचल में भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में सेवा पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।










