खरगोनमध्यप्रदेश

अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत नगर पालिका एवं पुलिस विभाग ने की कार्यवाही

दुकानों के बाहर रखी सामग्री जप्त कर क्षतिग्रस्त मकान ढ़हाये

अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत नगर पालिका एवं पुलिस विभाग ने की कार्यवाही

 

दुकानों के बाहर रखी सामग्री जब्त, जीर्ण-शीर्ण मकान ढहाया

 

  📝खरगोन से ब्यूरो चीफ अनिल बिलवे की रिपोर्ट…

खरगोन 08 सितंबर 2025। खरगोन शहर में अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत 08 सितंबर को नगर पालिका टीम एवं पुलिस कर्मियों की उपस्थिति में कार्यवाही की गई। टीम द्वारा डायवर्सन रोड से तिलकपथ, मोहन टॉकिज से तालाब चौक, कालादेवल मार्ग व पठानवाड़ी में रोड-साइड से दुकानों के बाहर रखी सामग्री एवं अस्थाई दुकानों पर रिमूवल कार्यवाही की गई। अतिक्रमणकारियों के अतिक्रमण सामग्री को जब्त करने की कार्यवाही भी की गई।

 

सीएमओ सुश्री कमला कौल ने बताया कि निकाय टीम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने की निरंतर कार्यवाही एवं समझाइश के बाद भी दुकानों के बाहर बार-बार सामग्री रखकर रोड को बाधित किया जा रहा है। इस पर निकाय टीम द्वारा दुकानदारों की सामग्री को जब्त करने की कार्यवाही अमल में लाई गई है। साथ ही वर्षा काल को दृष्टिगत रखते हुए पठानवाड़ी क्षेत्र में एक खंडहरनुमा मकान, जो पूर्णतः जीर्ण-शीर्ण अवस्था में होकर आसपास के रहवासियों के लिए खतरा बना हुआ था, उसे जेसीबी की मदद से जमींदोज कराया गया।

 

प्र.राजस्व अधिकारी श्री महेश वर्मा ने बताया कि शहर में निकाय द्वारा अनाधिकृत रूप से सामग्री आदि को रोड किनारे रखने से यातायात बाधित हो रहा है। इसके विरुद्ध लगातार रिमूवल कार्यवाही की जा रही है। इसके बाद भी व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर सामग्री रखी जा रही है, जिससे निकाय टीम को बार-बार कार्यवाही करना पड़ रहा है और निकाय के संसाधनों का अपव्यय हो रहा है। इसलिए दुकानदारों से जब्त की गई सामग्री को अब वापस नहीं किया जाएगा और उसका निपटान निकाय द्वारा ही किया जाएगा। इस कार्यवाही में एक जीर्ण-शीर्ण मकान को भी पुलिस विभाग के सहयोग से ढहाया गया। शहर में अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी। इसके पश्चात होने वाली कार्यवाही में यदि कोई निकाय की समझाइश और कार्यवाही के बावजूद पुनरावृत्ति करता पाया जाता है, तो निकाय द्वारा दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी और जब्त सामग्री अब वापस नहीं की जाएगी। साथ ही इसमें होने वाली क्षति के लिए संबंधित दोषी स्वंय जिम्मेदार रहेंगे।

 

यह कार्यवाही प्र. राजस्व अधिकारी महेश वर्मा के निर्देशन में प्र.राजस्व निरीक्षक श्री राजेन्द्रसिंह चौहान व निकाय टीम के सदस्य कैलाश वर्मा, पिंटू भाटिया, प्रमोद रघुवंशी, विपुल रघुवंशी, हुकुम कोचले, तरुण ठक्कर, बली पगारे, सुनील तंवर, राममोहन रघुवंशी, संजय भावसार, प्रदीप यादव, राहुल डांडोलिया, मनोज डिंडोरकर, सुमितसिंह चौहान, शेखर रघुवंशी, युसुफ खान, सागर दांगी तथा सफाई संरक्षक कर्मचारी शाहरूक, अफजल सिद्दीकी आदि शामिल रहे। कार्यवाही जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं उड़न दस्ते के वाहन से की गई।

 

नगर पालिका परिषद खरगोन की अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी ने शहर के सभी व्यापारियों से अपील की है कि खरगोन शहर आपका अपना शहर है। इसे स्वच्छ, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त रखने में नगर निकाय प्रशासन को सहयोग करें। अपनी दुकानों के बाहर सामग्री न रखें, अनाधिकृत अतिक्रमण न करें और अपना व्यापार केवल दुकानों के भीतर रखी सामग्री से ही करें। इसके अलावा दुकानों के बाहर किसी प्रकार की सामग्री/सायबान आदि न रखें। हाथ ठेला चालक अपना व्यवसाय चलित रूप में करें, ताकि स्थाई रूप से रोड पर ठेले खड़े न रहें। इससे मार्ग चौड़ा रहेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!