विश्व बैंक प्रतिनिधि मंडल ने खरगोन जल प्रदाय परियोजना का किया अवलोकन
परियोजना की सफलता पर जताई सराहना
📝 खरगोन से ब्यूरो चीफ अनिल बिलवे की रिपोर्ट…
खरगोन 08 सितंबर 2025। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी द्वारा विश्व बैंक के सहयोग से निर्मित ’खरगोन जल प्रदाय परियोजना’ का 08 सितंबर सोमवार को विश्व बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने अवलोकन किया। प्रतिनिधि मंडल ने परियोजना के अंतर्गत निर्मित विभिन्न घटकों का निरीक्षण करते हुए स्थानीय समुदाय से जल प्रदाय व्यवस्था और जल की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा कर फीडबैक प्राप्त किया। सामुदायिक संवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बताया कि परियोजना के माध्यम से उन्हें अब पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल घर बैठे उपलब्ध हो रहा है, जिससे जीवन स्तर में सुधार आया है। प्रतिनिधि मंडल ने परियोजना के प्रभाव और क्रियान्वयन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसकी सफलता की सराहना की। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल द्वारा इंटैक वैल परिसर में पौध रोपण भी किया गया।
विश्व बैंक के प्रतिनिधिमंडल में श्री रघु केशवन, श्री रिद्धिमान साहा एवं सुश्री ज्योति नायर शामिल रहीं। साथ ही मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की ओर से तकनीकी अधिकारी श्री कमलेश भटनागर, परियोजना प्रबंधक श्री प्रमोद गढ़वाल, सामुदायिक विशेषज्ञ श्वेता जाधव सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।