ताज़ा ख़बरें

*नगर निगम सभागृह में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में विसर्जन की समीक्षा बैठक सम्पन्न*

खास खबर

*नगर निगम सभागृह में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में विसर्जन की समीक्षा बैठक सम्पन्न*

*बैठक में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं नागरिकों के सुझावों पर हुई गंभीर चर्चा*

खण्डवा// नगर निगम सभागृह में

महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में आगामी नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत कृत्रिम कुंडों में मूर्ति विसर्जन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर एम.आई.सी. सदस्य श्री राजेश यादव, श्री सोमनाथ काले, श्री अनिल वर्मा, श्री विक्की भानवरे, आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत, उपायुक्त श्री एस.आर. सिटोले, कार्यपालन यंत्री श्रीमती वर्षा घिड़ोड़े, श्री राधेश्याम उपाध्याय सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी, कॉन्ट्रैक्टर्स एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान किए गए विसर्जन कार्यक्रम की समीक्षा करना एवं उसमें आई चुनौतियों को दूर करने हेतु सभी संबंधित पक्षों से सुझाव प्राप्त करना था। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकार बंधुओं ने अपने-अपने सुझाव साझा किए।

*इंजीनियरों एवं ठेकेदारों से हुई तकनीकी चर्चा*
बैठक में आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने इंजीनियरों एवं ठेकेदारों से तकनीकी संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भैरव तालाब में 25 फीट की गहराई के बाद हार्ड रॉक सतह आती है, जिस पर अधिक गहराई तक खुदाई करना संभव नहीं है। इसी के साथ सुझाव आया कि कुंड के चारों ओर क्रेन मशीन हेतु रैम्प तैयार किया जाए। इस पर जल समिति के अध्यक्ष श्री राजेश यादव ने सहमति जताते हुए कहा कि इस पर अमल करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने स्वयं सुझाव दिया कि विसर्जन कुंड को 3-4 स्टेप्स में बनाया जाए ताकि छोटी और बड़ी मूर्तियों का विसर्जन सुगमता से हो सके। एम.आई.सी. सदस्य श्री विक्की भावरे ने सुझाव दिया कि अगली बार 50 टन क्षमता वाली क्रेन का उपयोग किया जाए ताकि बड़ी मूर्तियों को भी सुरक्षित ढंग से कुंड के बीच में विसर्जित किया जा सके।

*पत्रकार बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों के महत्वपूर्ण सुझाव*
पत्रकार बंधुओं द्वारा टेंट व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, कुंडों की संख्या, आकार एवं गहराई बढ़ाने तथा आयोजकों के साथ पूर्व बैठक आयोजित करने के सुझाव दिए गए। श्री अनिल विश्वकर्मा ने रामेश्वर कुंड पर अपने अनुभव साझा किए और सभी की मेहनत की सराहना की।

*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव का संबोधन*
बैठक के समापन पर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने सभी उपस्थित पत्रकार बंधुओं, अतिथियों, अधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारे प्राचीन कुंड पांडव काल से जुड़े हुए हैं और उन्हें संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी दृष्टिकोण से नगर निगम ने 3 नए कृत्रिम कुंड तैयार किए हैं, जिससे जनस्वास्थ्य और स्वच्छता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

उन्होंने कहा कि निगम का यह प्रयास काफी हद तक सफल रहा और इसमें छोटे-मोटे सुधार किए जाएंगे। महापौर ने विशेष रूप से कहा कि “यह सफलता केवल निगम की नहीं बल्कि संपूर्ण खंडवा नगर की जनता की है। आप सभी की मेहनत और सहयोग के लिए मैं नगर निगम की ओर से हार्दिक धन्यवाद और बधाई देती हूँ।”

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!