
“एक बगिया मां के नाम” योजना सम्बंधी कार्यशाला सम्पन्न
खंडवा 29 अगस्त, 2025 – जनपद पंचायत खण्डवा के सभागृह में सहायक कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम की अध्यक्षता में “एक बगिया मां के नाम” योजना के हितग्राहियों की बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण सुशिर ने उपस्थित सभी सदस्यों को समझाया कि फलदार वृक्षों के बगीचे से किसान किस तरह अपनी खेती को लाभ का व्यवसाय बना सकता है। उन्होंने भविष्य में “एक बगिया मां के नाम” योजना के माध्यम से पर्यावरण सुरक्षा, आजीविका के अवसर एवं प्रोसेसिंग यूनिट के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यशाला में उद्यानिकी विभाग से वरिष्ठ उद्यानिकी विकास अधिकारी ने उपस्थित समस्त स्व सहायता समूह सदस्यों एवं किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में किसानों को पौधों को लगाने का तरीका, पौधों की किस्म तथा पौधा रोपण के समय कौन-कौन सी सावधानियां रखना है इस विषय पर प्रश्नोत्तरी के माध्यम से समझाया गया। कार्यशाला में जनपद पंचायत के सहायक यंत्री गौरव रघुवंशी ने तारफेंसिंग एवं बगिया के बारे में विस्तार से समझाया। जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन श्री आनन्द स्वरूप शर्मा ने उपस्थित सभी सदस्यों को योजना से प्राप्त होने वाले लाभों के बारे में बताया।











