उत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरेंमेरठ

वैष्णो देवी हादसे में मृत बहनों के शव मेरठ पहुंचे, घर में मचा कोहराम

मेरठ। वैष्णो देवी अर्धकुंआरी के पास हुए लैड स्लाइड हादसे में मेरठ और बागपत निवासी दो बहनों की भी मृत्यु हो गई। दोनों बहनें वैष्णो देवी दर्शन के लिए गई थीं। आज बृहस्पतिवार को दोनों बहनों के शव घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। मेरठ निवासी नीरा और बागपत निवासी उसकी बहन चांदनी की अर्धकुंआरी में भूस्खलन के दौरान मौत हो गई थी। दोनों के शव बृहस्पतिवार को घर पहुंचे और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

मेरठ के मवाना निवासी नीरा और उसकी बहन बागपत के खेकड़ा निवासी चांदनी की भूस्खलन में दबने से मौत हो गई। अशोक वर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर उनका पुत्र अमित वर्मा (40) अपनी पत्नी नीरा (35) और बेटी विधि वर्मा (10) के साथ घर से मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए निकले थे। अमित वर्मा के साथ खेकड़ा बागपत निवासी अमित का साढू व साली भी थे। इनकी सोमवार को शाम के समय दिल्ली से ट्रेन थी।

 

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन से बड़ा हादसा, अब तक 41 श्रद्धालुओं की मौत, मुजफ्फरनगर का युवक शामिल

 

दर्शन कर लौटते समय प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से सभी लोग घायल हो गए। इसमें पत्नी नीरा वर्मा और साली चांदनी की मौत हो गई। जबकि अमित वर्मा और उनकी बेटी विधि वर्मा घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अमित वर्मा बिबिया वाले मंदिर के पास सुनार की दुकान करते हैं। जबकि पिता अशोक वर्मा की चाट की दुकान है। बृहस्पतिवार को नीरा का शव मवाना पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गमगीन माहौल में परिजनों ने नीरा का अंतिम संस्कार कर दिया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!