
सांसद, महापौर, विधायक ने अपने-अपने निवास पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज।
खंडवा। राष्ट्रभक्ति की भावना प्रत्येक देशवासी के मन में समाहित हो इस उद्देश्य को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। 10 अगस्त से 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम के साथ तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही है। जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन भी अपने घरों पर तिरंगा फहरा रहे हैं। समाजसेवी प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने आज हर घर तिरंगा अभियान के तहत खंडवा स्थित अपने आवास पर फहराया तिरंगा। महापौर अमृता अमर यादव ने भी अपने निवास पर तिरंगा फहराया वहीं खंडवा विधायक कंचन मुकेश तन्वे ने भी अपने शासकीय निवास पर कार्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में तिरंगा फहराया। सांसद, महापौर, विधायक ने सभी आमजन से अनुरोध किया कि राष्ट्रीय भावना को जागृत करते हुए सभी अपने-अपने घरों पर सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और 15 अगस्त की शाम ध्वज को सम्मान के साथ उतार कर सुरक्षित रखें।