बिजली समस्या से परेशान रहवासियों ने विद्युत विभाग को सौंपा आवेदन, नई केबल बिछाने की मांग
बड़ोद (आगर)। नगर के सुसनेर रोड क्षेत्र के रहवासियों ने क्षेत्र में आए दिन होने वाली अघोषित बिजली कटौती और विद्युत व्यवस्था की अन्य समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग को एक शिकायती आवेदन सौंपा है। रहवासियों ने विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की पुरजोर मांग की है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में बारिश के मौसम के दौरान आए दिन बिजली गुल हो जाती है और कई घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन के माध्यम से उपभोक्ताओं ने मुख्य समस्या को उजागर करते हुए बताया कि उनके पास वैध बिजली कनेक्शन होने के बावजूद कनेक्शन जोड़ने की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। वर्तमान में विद्युत विभाग की मुख्य केबल करीब 500 से 600 फीट दूर एक आरा मशीन के पास से होकर गुजरती है। वहां से दूर दूर तक लाए गए कनेक्शनों की केबल को बंदर अक्सर क्षतिग्रस्त कर देते हैं, जिसके कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। परेशान रहवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि सुसनेर रोड पर जल्द से जल्द नई केबल बिछाई जाए और उनके मकानों के ठीक सामने से बिजली कनेक्शन देने की व्यवस्था की जाए, ताकि बार-बार होने वाली इस गंभीर समस्या से उन्हें स्थायी राहत मिल सके। इस दौरान आवेदन सौंपने वालों में मुख्य रूप से रहीस मनसूरी, उमर शाह, दिनेश शर्मा, अय्यूब मनसूरी, विक्रम सिंह, सोहेल मनसूरी, शकील भाई, सत्यनारायण शर्मा, रागीब मनसूरी, नोशाद बाबा, देवीलाल लोहार, रामसिंह एवं रघुपाल सहित क्षेत्र के कई अन्य रहवासी उपस्थित रहे









