ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

प्रज्ञा गर्ल्स स्कूल इंदौर में हुआ एनसीसी कैडेट्स का शपथ विधि समारोह

देशभक्ति से गूंजा स्कूल परिसर, ऑपरेशन सिंदूर पर लघु नाटिका और कविता ने जीता दिल

 

 

रिपोर्टर= भव्य जैन

 

इंदौर बिचौली मर्दाना स्थित प्रज्ञा गर्ल्स स्कूल में एनसीसी कैडेट्स के शपथ विधि समारोह का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं देशभक्ति की भावना से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि कर्नल गौरव दीक्षित ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

 

समारोह में जब एनसीसी गीत “हम सब भारतीय हैं” समवेत स्वरों में गूंजा, तो समूचा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। इस अवसर पर “मिशन ऑपरेशन सिंदूर” को भी कार्यक्रम का हिस्सा बनाया गया, जिसमें विद्यालय की छात्राओं ने एक मार्मिक लघु नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसी विषय पर प्रस्तुत जोशपूर्ण कविता ने भी सबको भावुक कर दिया।

 

कार्यक्रम में छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ पर देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने माहौल में जोश भर दिया। इसके पश्चात कर्नल गौरव दीक्षित ने सभी एनसीसी कैडेट्स को शपथ दिलवाई और सेना में अपने अनुभवों को साझा करते हुए राष्ट्र सेवा के महत्व को रेखांकित किया।

 

विद्यालय की प्राचार्य डॉ. राशी शाह ने एक प्रेरक कहानी के माध्यम से यह संदेश दिया कि हम सभी अपने छोटे-छोटे कर्तव्यों का निष्ठा से पालन कर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं।

 

एनसीसी प्रभारी अश्विनी राठौर मैडम की सराहना करते हुए कर्नल दीक्षित ने कहा कि उन्होंने विद्यालय की छात्राओं में एनसीसी के प्रति जो जोश और अनुशासन का संचार किया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।

 

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन से चेयरपर्सन रेनू गहलोत मैडम एवं अलका पटेल जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

 

कार्यक्रम का समापन एनसीसी गीत “हम सब भारतीय हैं” की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने समारोह को एक शानदार देशभक्ति पूर्ण समापन दिया

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!