
*एडिटर/संपादक:-तनीश गुप्ता,खण्डवा✍️
*नगर निगम में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश — राजस्व वसूली, हरित महोत्सव, संजीवनी क्लिनिक, ग्रीन बिल्डिंग सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा*
खण्डवा// नगर निगम खंडवा के सभागार में आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत के नेतृत्व में एक विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें निगम के विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में सहायक आयुक्त सुश्री सुप्रिया मेड़ा, कार्यपालन यंत्री श्री राधेश्याम उपाध्याय, श्रीमती वर्षा घिडोड़े सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*राजस्व वसूली पर सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश*
आयुक्त द्वारा राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि एक विस्तृत रोडमैप तैयार कर उसे कड़ाई से लागू किया जाए, जिससे राजस्व वसूली की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सके।
विशेष रूप से यह कहा गया कि यदि कोई करदाता चेक देता है और वह बाउंस हो जाता है, तो उस पर कार्यवाही (कोर्ट केस) शुरू की जाए।
*NULM विभाग को 100% प्रोफाइलिंग पूर्ण करने के निर्देश*
आयुक्त द्वारा NULM विभाग की समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लाभार्थियों की प्रोफाइलिंग का कार्य पूर्णतः 100% शीघ्रता से किया जाए।
*हरित महोत्सव के तहत 20,000 पौधों का लक्ष्य*
“हरित महोत्सव” के अंतर्गत आयुक्त ने निर्देश दिए कि योजना बनाकर शहर में लगभग 20,000 पौधे रोपण का कार्य किया जाए। इसके लिए:
• निगम की खाली भूमि, रोड साइड, गार्डन क्षेत्रों की सूची बनाकर पौधारोपण कराया जाए।
• नागरिकों की भागीदारी को अधिकतम बनाने की बात कही गई।
• भवन अनुमति के संदर्भ में भी यह निर्देश दिया गया कि:
• निजी संपत्तियों में कम से कम 20 पौधे
• व्यावसायिक संपत्तियों में कम से कम 100 पौधे लगाना अनिवार्य किया जाए।
*संजीवनी क्लीनिक:* शेष दो केंद्रों की निविदा 7 दिवस में करें पूरी
संजीवनी क्लीनिक योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि शेष 2 क्लीनिक की टेंडर प्रक्रिया को आगामी 7 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए।
*लेगेसी वेस्ट पर सर्वे रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश*
नगर निगम क्षेत्र में मौजूद लेगेसी वेस्ट (पुराना कचरा) की स्थिति पर चर्चा करते हुए निर्देशित किया गया कि सर्वे रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए ताकि निपटान की कार्यवाही प्रारंभ हो सके।
नवीन निगम कार्यालय भवन को “ग्रीन बिल्डिंग” प्रमाणित कराने पर बल
निर्माणाधीन निगम कार्यालय को “ग्रीन बिल्डिंग” प्रमाणन दिलाने के लिए विशेष जोर दिया गया।
आयुक्त ने कहा कि इसके मापदंडों की जानकारी जुटाकर इस दिशा में तत्काल कार्य शुरू किया जाए।
*मलेरिया से बचाव हेतु फॉगिंग प्रतिदिन कराई जाए*
वर्षा ऋतु की शुरुआत के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों की संभावना को देखते हुए प्रतिदिन फॉगिंग कराए जाने के निर्देश दिए गए ताकि मलेरिया और डेंगू से नागरिकों को बचाया जा सके।
CBG प्लांट, सोलर प्लांट, पीएम आवास योजना, मुक्तिधाम, सीएम हेल्पलाइन पर भी हुई समीक्षा
बैठक में CBG प्लांट, सोलर एनर्जी प्लांट, प्रधानमंत्री आवास योजना के जियो टैगिंग, मुक्तिधाम पर छाया निर्माण, एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी गहन समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।










