

त्रिलोक न्यूज। मंडला। मंडला जिले में बीपीएल कार्ड वितरण में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए पत्रकार कमलेश मिश्रा आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
उनका कहना है कि पात्र गरीबों को उनका हक नहीं मिल रहा, जबकि अपात्र लोगों को पैसे लेकर बीपीएल कार्ड जारी किए जा रहे हैं। मिश्रा का यह आंदोलन अब जनआंदोलन का रूप लेने लगा है।
श्री मिश्रा ने स्पष्ट आरोप लगाया है कि मंडला में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और जिला प्रशासन राजनीतिक दबाव में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह लड़ाई केवल बीपीएल कार्ड की नहीं,बल्कि न्याय, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही की है।”
उनके इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। पूर्व विधायक अशोक मर्सकोले, कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट राकेश तिवारी और कांग्रेस नगर अध्यक्ष रजनीश रंजन उसराठे,सोशल मीडिया विभाग अध्यक्ष विवेक दुबे आलोक पटेल,अमन लाहौरी धरना स्थल पर पहुंचे और कमलेश मिश्रा के अनशन को समर्थन दिया।
शहर में कमलेश मिश्रा के इस शांतिपूर्ण विरोध को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाता है।